मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 20 किलो खाद्य पदार्थ जब्त और 264 किलो नष्ट
गोण्डा (उत्तर प्रदेश)। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में सघन अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। मिलावटी सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की अभियान के दौरान तुलसीपुर मांझा से खोवा के दो, पनीर का एक और एसएमपी के दो नमूने लिए गए।
मिठाइयों से लेकर घी और आटे तक के नमूने लिए गए
तरबगंज से गुलाब जामुन, बर्फी व कलाकंद, श्रीनगर व बाबागंज से छेना मिठाई, रगड़गंज से पेड़ा, गुलाब जामुन व बर्फी के नमूने संकलित किए गए। वहीं कर्नलगंज से घी व आटा, मनकापुर से रसभरी और परसपुर से छेना मिठाई का नमूना लिया गया विभाग के अनुसार रक्षाबंधन विशेष अभियान में अब तक कुल 22 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा चुके हैं।
20 किलो खाद्य पदार्थ जब्त, 264 किलो सामग्री नष्ट
करीब 20 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये है। वहीं करीब 264 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावट या मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: जमुई में 144 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद, स्विफ्ट कार सवार दो आरोपी गिरफ्तार