पूर्णिया में सरेआम हत्या: मरंगा चौक पर चाउमीन दुकानदार को अपराधियों ने मारी पांच गोलियां, मौत
पूर्णिया (बिहार)। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं, कि अब भीड़भाड़ वाले चौक पर भी गोलियां बरसाने से नहीं डर रहे। मरंगा चौक पर चाउमीन बेचकर परिवार चलाने वाले एक युवक की अपराधियों ने बेहद करीब से पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश है।
मरंगा चौक पर चाउमीन दुकानदार को मारी गोली
शहर के मरंगा थाना क्षेत्र के मरंगा चौक पर बीते देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अपराधियों ने चाउमीन दुकानदार चंदन कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से गोलियां चलाईं। चंदन को पीठ में तीन और पेट में दो गोलियां लगीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और अपराधी मौके से फरार हो गए।
इलाज के दौरान दुकानदार की हुई मौत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और मरंगा थाना पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल चंदन कुमार को इलाज के लिए मैक्स-7 अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-10, मुर्गी फॉर्म निवासी स्वर्गीय नरेश साह के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है।
घटनास्थल के सीसीटीवी की फुटेज जब्त
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। इन्हीं फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
परिवार को लगातार जान से मारने की मिल रही धमकी
इस हत्याकांड में मृतक के भाई कुंदन कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब एक वर्ष पहले उनकी भांजी को मंजय ऋषि बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले में थाने में शिकायत के बाद आरोपी जेल भी गया था। तभी से आरोपी पक्ष उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। कुंदन कुमार का आरोप है कि बीते रात सभी आरोपियों ने मिलकर उनकी फास्ट फूड दुकान के पास चंदन कुमार की हत्या कर दी।
सभी आरोपों की जांच जारी
हालांकि पुलिस अभी सभी आरोपों की जांच कर रही है और प्रेम प्रसंग सहित हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। मरंगा चौक पर हुई इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर पूर्णिया की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सरेआम हत्या करने वाले अपराधी कब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहेंगे।
यह भी पढ़ें: फेसबुक फ्रेंडशिप का दर्दनाक अंत! शादी का वादा कर 8 साल तक शोषण करने का आरोप