औरंगाबाद में अवैध लकड़ी कारोबार पर शिकंजा, वन विभाग ने दो आरा मिलों पर छापा मारकर 2 लाख की संपत्ति की जब्त
औरंगाबाद (बिहार)। अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में दो अवैध आरा मशीनों से करीब दो लाख रूपये की संपत्ति जब्त की गई है। यह कार्रवाई जम्होर थाना क्षेत्र के भरथौली शरीफ के समीप बतवां एवं नरारीकला थाना क्षेत्र के महुअरी गांव में की है। यह कार्रवाई वनों के क्षेत्र पदाधिकारी मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में बतवां में मनोज शर्मा एवं महुअरी में अवधेश सिंह के द्वारा संचालित अवैध आरा मशीन के खिलाफ़ की गई, जिसमें सभी पार्ट्स को जब्त किया गया।
छापेमारी के दौरान संचालक फरार, मशीनें और लकड़ियां जब्त
कार्रवाई की भनक लगते ही मशीन के संचालक मौके से फरार हो गए। घंटों तक चली इस छापेमारी के दौरान वन विभाग ने करीब दो लाख की सामग्री जब्त की है। जब्त की गई मशीनों और लकड़ियों को JCB की मदद से ट्रैक्टरों पर लादक वन कार्यालय लाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संचालित मशीन की संरचनाओं को भी ध्वस्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
शिकायतों के सत्यापन के बाद चला संयुक्त अभियान
वन के क्षेत्र पदाधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बतवां एवं महुअरी में बिना वैद्य अनुमति के आरा मिलों का संचालन किया जा रहा है और अवैध रूप से लकड़ियों की चिराई की जा रही है। शिकायतों के सत्यापन के बाद डीएफओ रुचि सिंह के निर्देश पर यह संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से आरा मिलों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः अखिलेश यादव का सीएम योगी पर हमला, बोले- प्रचार से नहीं सुलझते जनता के मुद्दे