वनरक्षक हरिकेश को ट्रैक्टर-ट्रॉली कुचलकर मार डाला
मुरैना। मध्य प्रदेश से बेहद हृदयविदारक और खौफनाक खबर है। चंबल के इलाके में रेत माफिया का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। यहां ड्यूटी पर तैनात एक वनरक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मार दिया गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की तो रफ्तार बढ़ा दी
यह घटना बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे मुरैना के अंबाह-मुरैना रोड पर रानपुर चौराहे के पास हुई। अंबाह गेम रेंज की वन विभाग की टीम नेशनल हाईवे-552 पर अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए गश्त कर रही थी। जब टीम ने अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।
वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की मौके पर ही मौत
वनरक्षक हरिकेश गुर्जर ने साहस दिखाते हुए ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ड्राइवर विनोद कोरी ने निर्दयतापूर्वक उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। हरिकेश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी ड्राइवर पास के ही एक शिववैकुंठ फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) पर पहुँचा। वहाँ उसने आराम से अपने कपड़े बदले, कर्मचारियों से कहा कि "पुलिस पीछे लगी है", और फिर रेत को खाली कर दिमनी थाने के सामने से होते हुए फरार हो गया। पुलिस को बाद में ट्रैक्टर लावारिस हालत में मिला।
भाजपा के दो पदाथिकारियों की है ट्रैक्टर
जिस ट्रैक्टर से यह हत्या हुई है, वह भाजपा के दो पदाधिकारियों पवन तोमर और सोनू चौहान की पार्टनरशिप में चलने की बात सामने आ रही है। पवन तोमर दिमनी भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं।
हरिकेश गुर्जर, उभरते एथलीट थे
शहीद वनरक्षक हरिकेश गुर्जर पहले एक एथलीट थे और 2019 में ही उनकी वन विभाग में नौकरी लगी थी। वे मात्र 4 महीने पहले ही मुरैना में पदस्थ हुए थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक 4 साल की बेटी तन्वी और 2 साल का बेटा तन्मय है।
मुरैना में 10 साल में 13 लोगों को रेत माफिया ने कुचला
मुरैना में पिछले 10 वर्षों में रेत माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर 13 लोगों की जान ले चुका है। यह घटना चंबल के इलाके में कानून व्यवस्था और माफियाओं के बढ़ते हौसलों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/congress-releases-list-of-candidates-for-west-bengal-assembly-elections/152818