बंधन बैंक के पूर्व कर्मचारी पर फर्जी खाता खोलकर लाखों के लेनदेन का आरोप
मुगलसराय/चंदौली,(उत्तर प्रदेश)। कोतवाली क्षेत्र के हरिशंकरपुर निवासी ओमप्रकाश कनौजिया ने बंधन बैंक के एक पूर्व कर्मचारी पर फर्जी तरीके से उनके नाम पर बैंक खाता खोलकर लाखों रुपये का लेनदेन करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक चंदौली को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
वर्ष 2024 में खाता खुलवाने को दिये थे कागज़ात
ओमप्रकाश कनौजिया के अनुसार वर्ष 2024 में गांव निवासी राकेश यादव, जो उस समय बंधन बैंक में कार्यरत था, उनके घर पहुंचा और बैंक की विभिन्न सुविधाओं का लाभ दिलाने के नाम पर खाता खुलवाने की बात कही। विश्वास में आकर उन्होंने अपने व अपने बड़े भाई राहुल कुमार और भाभी नीलम के आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज उसे सौंप दिए। पीड़ित का आरोप है, कि काफी समय बीतने के बाद भी उन्हें न तो पासबुक, एटीएम कार्ड और न ही चेकबुक उपलब्ध कराई गई। पूछने पर राकेश यादव ने बताया कि खाता खुल ही नहीं पाया है।
98 लाख 77 हजार 970 रुपये के लेनदेन का विवरण
ओमप्रकाश के मुताबिक 15 जून 2026 को साइबर पुलिस से नोटिस मिलने के बाद उन्हें पहली बार जानकारी हुई, कि उनके नाम से बैंक खाता संचालित किया जा रहा था। बैंक से खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर उसमें करीब 98 लाख 77 हजार 970 रुपये के लेनदेन का विवरण सामने आया, जबकि उन्हें इस खाते के संचालन की कोई जानकारी नहीं थी।
पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने राकेश यादव से इस संबंध में जवाब मांगा तो, पहले उसने मामले को दबाने के लिए समय मांगा और बाद में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से परिवार भय के माहौल में जी रहा है। ओमप्रकाश ने बताया कि बैंक प्रबंधन ने उन्हें एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, मुगलसराय और अलीनगर थाने में डाक के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजा व साइबर क्राइम विभाग से भी संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
विश्वासघात और धोखाधड़ी का आरोप
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है, कि उनके साथ विश्वासघात और धोखाधड़ी हुई है तथा उन्हें न्याय की उम्मीद है। इस संबंध में ओमप्रकाश कनौजिया ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करा दी है। वहीं, क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया, कि उन्हें मामले में लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। प्रकरण की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में स्मैक तस्करों पर बड़ा वार! तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों की स्मैक जब्त