अंकिता भंडारी से जुड़े मामले में जेल भेजे गए बीजेपी के पूर्व विधायक
देहरादून: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी मर्डर केस से जुड़े कथित ऑडियो विवाद में ज्वालापुर से पूर्व बीजेपी विधायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
डालनवाला पुलिस ने सुरेश राठौर को किया गिरफ्तार
बीती रोज थाना डालनवाला में बीजेपी प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत को लेकर डालनवाला पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। आज उन्हें न्यायक प्रक्रिया के तहत 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। राठौड़ पर आरोप है कि अंकिता भंडारी केस से जुड़े मामले में राठौर और उर्मिला सनावर के कुछ ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे।
ऑडियो-वीडियो में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग
इसमें बीजेपी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और अन्य बीजेपी नेताओं के नाम लेकर बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया गया। ऑडियो-वीडियो में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया गया है। जिससे न सिर्फ शिकायतकर्ता बल्कि बीजेपी और उसके पदाधिकारियों की सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
साजिश में कांग्रेस, आप और यूकेडी से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना
आरोप ये भी है कि साजिश में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और यूकेडी से जुड़े कुछ लोग भी शामिल हो सकते हैं। जिन्होंने मिलकर प्रदेश और अन्य राज्यों में तनाव, उपद्रव और दंगे जैसी स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया है। ऐसे में अब राजनैतिक दलों से जुड़े हुए तमाम लोग अपनी अपनी दलील दे रहे हैं। इसे अंकिता केस में एक कड़ी के रूप में न्याय कि उम्मीद मान रहे हैं।