द्विशा मौत मामले में पूर्व जिला जज और बेटा 5 दिन की सीबीआई रिमांड पर
MP News : द्विशा शर्मा मौत मामले में भोपाल कोर्ट ने पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 5-5 दिन की सीबीआई (CBI) रिमांड पर भेज दिया है। दोनों 2 जून तक सीबीआई के सुपुर्द रहेंगे। सीबीआई ने कोर्ट में कहा कि मामले की जांच जारी है। कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी और सत्यापन बाकी है। हालांकि, द्विशा का मोबाइल बरामद किया जा चुका है। एजेंसी का कहना है कि समर्थ पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है।
दोनों आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करना जरूरी है। सीबीआई ने साक्ष्यों को प्रभावित करने और गवाहों को धमकाने की आशंका भी जताई है। आरोपी पक्ष के वकीलों ने सीबीआई की रिमांड मांग का विरोध नहीं किया। अब एजेंसी दोनों आरोपियों से पूछताछ और साक्ष्यों का मिलान करेगी।
मामले के अहम कानूनी पहलू
गिरिबाला की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने इसकी सूचना प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को दी थी। चूंकि गिरिबाला सिंह पूर्व जिला जज हैं, ऐसे में उनकी गिरफ्तारी से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर हाई कोर्ट से संपर्क किया गया, पर संपर्क नहीं हो सका। बाद में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार औपचारिकताएं पूरी की गईं।
किस कोर्ट में होगी सुनवाई, अभी तय नहीं
भोपाल जिला कोर्ट में सीबीआई की अलग से अधिसूचित (Notified) कोर्ट नहीं है। यहां मौजूद विशेष सीबीआई अदालत मुख्य रूप से आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की सुनवाई करती है। इस मामले की नियमित सुनवाई किस कोर्ट में होगी, इसे लेकर कानूनी स्तर पर चर्चा जारी है। अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/karnataka-dk-shivakumar-meets-governor/209642