औरंगाबाद के देवकुंड में आपसी वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दोनों पक्षों से चार नामजद आरोपी गिरफ्तार
औरंगाबाद (बिहार)। जिले के देवकुंड थाना क्षेत्र में आपसी वर्चस्व और मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में देवकुंड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल चार नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
सभी आरोपी ओरांगी गांव के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओरांगी गांव निवासी के रूप में हुई है। जिनमें पहला पक्ष से राजदेव पासवान के पुत्र सुदर्शन पासवान तथा गिरजा पासवान के पुत्र कौशल कुमार वही दूसरे पक्ष से राजदेव साव के पुत्र विकाश कुमार तथा सुरेश यादव उर्फ खरिहान यादव के पुत्र रौशन कुमार के रूप में की गई है। सभी आरोपी ग्राम ओरांगी, थाना देवकुंड, जिला औरंगाबाद के रहने वाले हैं।
पुराने विवाद को लेकर कहासुनी
मिली जानकारी के अनुसार ओरांगी गांव में दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे और मारपीट की घटना हुई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें भी आईं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
देवकुंड थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित पक्षों द्वारा देवकुंड थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवकुंड थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की और दोनों पक्षों के चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों को थाना लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाने की अपील
देवकुंड थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गांव में लगातार कैंप कर रही है और लोगों से आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाने की अपील कर रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने भी सराहना की है।
यह भी पढ़ेंः अमेठी में महिला सिपाही प्रतीक्षा सिंह आत्महत्या मामला: कोचिंग संचालक विक्रम सिंह चंदेल गिरफ्तार