मुरैना में युवती और भाई से मारपीट का आरोप, चार युवकों पर मामला दर्ज
मुरैना,(मध्य प्रदेश)। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक युवती और उसके भाई के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात करीब 11:30 बजे की घटना
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे युवती अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान कुलदीप उर्फ मोनू तोमर, अमन तोमर, आकाश तोमर और रितिक तोमर वहां पहुंचे और उसके भाई से कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे।
आरोपियों ने युवती के साथ हाथापाई की
शिकायत में आरोप है, कि विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के साथ हाथापाई की। इस दौरान एक आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे युवती के दोनों हाथों में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसकी कमर और नाक पर चोटें आईं। घटना के दौरान परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
स्टेशन रोड थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और विवेचना के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ेंः शाजापुर पुलिस का बड़ा एक्शन, कॉम्बिंग गश्त में 48 स्थायी वारंटी समेत कई अपराधी गिरफ्तार