मणिपुर के कामजोंग जिले में बृहस्पतिवार देर रात चार

मणिपुर के कामजोंग में गोलियों से छलनी चार शव मिले

Representative Image

इंफाल (मणिपुर)। कामजोंग जिले में बृहस्पतिवार देर रात चार लोगों के शव मिले, जिनकी कथित तौर पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गोलियों से छलनी शव म्यांमा सीमा के पास स्थित दूरदराज के गांव पिलोंग में एक सुनसान जगह से मिले। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर है। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय तक तलाश किए जाने के बाद रात करीब डेढ़ बजे शव बरामद किए गए।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए कामजोंग जिला अस्पताल भेजा

मृतकों की पहचान वारेशिम जाजो, फामी जाजो, बेटर्सन जाजो और निंगथेम कशक के रूप में हुई है और ये चारों तांगखुल नागा समुदाय से थे। लिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए कामजोंग जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को पड़ोसी देश म्यांमा से उग्रवादी भारतीय सीमा में घुसे और उन्होंने पांच ग्रामीणों के एक समूह पर घात लगाकर हमला किया। इनमें से एक व्यक्ति किसी तरह बच निकला और स्थानीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

हत्या के पीछे कुकी नेशनल आर्मी के होने का आरोप

नागा पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष अवांगबौ न्यूमै ने हत्याओं की निंदा की और आरोप लगाया कि इसके पीछे कुकी नेशनल आर्मी (बर्मा) के सदस्यों का हाथ है। उन्होंने सभी समुदायों से ‘‘हिंसा त्यागने और शांतिपूर्ण पड़ोसियों के रूप में रहने’’ की अपील की। 

(इनपुट: भाषा)

यह भी पढ़ेंः दिलजीत दोसांझ द्वारा 'महान' कहे जाने पर अभिनेता गोविंदा ने जताया आभार