आगरा-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस, बच्चे समेत 4 की मौत
भरतपुर (राजस्थान)। आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक स्लीपर बस ट्रेलर की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कासगंज से जयपुर जा रही थी स्लीपर बस
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक बस कासगंज से जयपुर जा रही थी तभी लुधावई पुल के पास एक ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। यह हादसा सुबह 2:30 बजे से 3:00 बजे के बीच हुआ। स्थानीय लोग बस के अंदर फंसे यात्रियों की मदद के लिए दौड़े और बचाव अभियान में पुलिस की मदद की।
मृतकों की हुई शिनाख्त, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
मृतकों की पहचान मथुरा (उत्तर प्रदेश) के सतोवा निवासी रामवीर के बेटे कान्हा (8), सतोवा की ही रहने वाली रामवीर की पत्नी गीता (38), अलवर (राजस्थान) के कठूमर निवासी खेम सिंह के बेटे मुखन सिंह (28), और कासगंज, उत्तर प्रदेश के इस्माइल के बेटे मुस्लिम (40) के रूप में हुई है। फिलहाल घायलों को जिला RBM अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों के आने के बाद होगा शवों का पोस्टमार्टम
भरतपुर की SDM भारती गुप्ता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं पांच यात्रियों का RBM अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को मुर्दाघर में रखा गया है, और परिवारों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के आने के बाद शवों पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
घना कोहरा हो सकता है टक्कर का संभावित कारण
सेवर पुलिस स्टेशन के SI अवधेश ने कहा कि घना कोहरा टक्कर का एक संभावित कारण हो सकता है। उन्होंने कहा, "हम हादसे के सही कारण की जांच कर रहे हैं। ट्रेलर ड्राइवर और बस स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।" घायलों का फिलहाल RBM अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/three-killed-in-andhra-pradesh-bus-lorry-collision-after-tyre-burst/106005