सहारनपुर के देवबंद में माता शाकंभरी देवी की ज्योत

माता शाकंभरी देवी की ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कैंटर ने मारी टक्कर, चार की मौत

माता की ज्योत लेकर लौट रहे चार श्रद्धालुओं की मौत

सहारनपुर: देवबंद में माता शाकंभरी देवी की ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कैंटर द्वारा टक्कर मारे जाने के दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान संगीत सोम ने कहा कि यह बेहद दर्दनाक हादसा है। हादसे में उनके गांव कुशावली के चार लोगों की मौत हुई है, जिससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। 

गंभीर घायलों को मेरठ किया गया रेफर

उन्होंने बताया कि घायल श्रद्धालुओं का इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेरठ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को भी बेहतर उपचार दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। संगीत सोम ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घायलों के उपचार में जुटी हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु माता के दर्शन कर ज्योत लेकर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। यह क्षति बेहद पीड़ादायक है और इसकी भरपाई करना आसान नहीं है। 

ये भी पढ़ें- जौनपुर में ट्रैक्टर से गिरकर रोटावेटर की चपेट में आया 8 साल का मासूम, मौके पर दर्दनाक मौत