पीलीभीत में गैस सिलिंडर में आग लगने से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 4 लोग झुलसे
पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)। बीसलपुर में सुबह-सुबह एक हादसे से खलबली मच गई। कोतवाली क्षेत्र के गांव पतिपुरा में एक घर में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर फट गया, आग की चपेट में आकर 4 लोग झुलस है। सभी का उपचार अस्पताल में जारी है जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बदलते समय चूल्हे की चिंगारी से आग भड़की थी। मौके पर पहुंचक़र फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, उधर पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर छानबीन शुरू कर दी है।
रेगुलेटर लगाते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है, कि विपिन कुमार के घर में सुबह खाना बन रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर खत्म हो गया। विपिन दूसरा सिलिंडर लगाने लगे। रेगुलेटर लगाते समय सिलिंडर से गैस का रिसाव होने लगा। पास में चूल्हा जल रहा था। गैस चूल्हे की चिंगारी के संपर्क में आई तो सिलिंडर में आग भड़क गई और चपेट में आकर विपिन गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर पत्नी शीतल, बहू सुधा देवी और विनीत उन्हें बचाने दौड़े।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया
इस दौरान वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। पुलिस ने चारों घायलों को बीसलपुर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां घायल विपिन और सुधा देवी की हालत गंभीर देख उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सिलेंडर में आग लगने की घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया है।
यह भी पढ़ेंः अमेठी में सड़क हादसे में मेडिकल स्टोर संचालक की मौत