जिले के गाजीपुर के पास मंगलवार को तेज रफ्तार और ला

मंडला में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराकर कबाड़ बनी कार; चार युवक गंभीर घायल

Four Injured in Mandla Road Accident

मंडला {मध्यप्रदेश}: जिले के गाजीपुर के पास मंगलवार को तेज रफ्तार और लापरवाही एक बड़े सड़क हादसे की वजह बन गई। जबलपुर से बिछिया की ओर जा रही काले रंग की मैग्नाइट कार ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

चार युवक गंभीर रूप से घायल

हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी युवक बिछिया और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार से चल रही थी। गाजीपुर के पास चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन सामने से आ रहे ट्रक को देखकर वह कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधी टक्कर हो गई।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए मंडला जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

एयरबैग ने बचाई चारों युवकों की जान

हादसे में राहत की बात यह रही कि कार के सभी एयरबैग समय पर खुल गए। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि एयरबैग सक्रिय नहीं होते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। गंभीर टक्कर के बावजूद एयरबैग ने चारों युवकों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़े: बलिया में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, धमकी भरे फोन के बाद रेलवे ट्रैक पर मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका