इटावा में नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये की कथित ठगी, महिला ने दर्ज कराई शिकायत
इटावा (उत्तर प्रदेश)। जनपद के सैफई थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मैनपुरी निवासी एक महिला ने भाऊपुर गांव निवासी सत्यपाल यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए सैफई थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि करीब चार वर्ष पूर्व उसे नर्सिंग स्टाफ में नौकरी दिलाने और ज्वाइनिंग लेटर उपलब्ध कराने का भरोसा देकर चार लाख रुपये लिए गए थे, लेकिन आज तक न तो उसे नौकरी मिली और न ही उसकी रकम वापस की गई।
महिला ने पुलिस से पूरे मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई
पीड़िता के मुताबिक, नौकरी की उम्मीद में उसने आरोपी को अपनी मेहनत की कमाई दी थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो उसने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन कथित तौर पर उसे धनराशि वापस नहीं की गई। अब महिला ने पुलिस से पूरे मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस प्रकरण से जुड़ी नौकरी और ज्वाइनिंग लेटर को लेकर बातचीत का एक कथित वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
चार लाख रुपये की कथित ठगी
चार लाख रुपये की कथित ठगी के इस मामले में अब पुलिस की जांच अहम है। आखिर नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ली गई थी या नहीं, वायरल वीडियो में कितनी सच्चाई है और महिला के आरोपों में कितना दम है, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। पुलिस को दोनों पक्षों को सुनकर उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल करनी चाहिए। आरोप सही पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
यह भी पढ़ेंः बहराइच के दादा मियां मेले में बड़ा हादसा, जलपरी शो के ग्लास टैंक का शीशा फटने से 4 बच्चे घायल