राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत
मुरैना (मध्य प्रदेश)। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर नूराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। औद्योगिक क्षेत्र में जेके टायर फैक्ट्री से आगे हुए हादसे में अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे बाइक सवारों को कुचल दिया। मृतकों में दो नाबालिग बच्चे, एक युवक और एक महिला शामिल हैं।
हाईवे पर बाइक कचरा वाहन से टकराई
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत लोहगढ़ के भोजा का पुरा निवासी श्रीकांत कुशवाहा, राजकुमारी और नीरज कुशवाहा तथा बागचीनी थाना क्षेत्र के उम्मेदगढ़ बांसी निवासी सूरज कुशवाहा बाइक से ग्वालियर के भयपुर गांव में निमंत्रण खाने जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर उनकी बाइक कचरा वाहन से टकरा गई और चारों सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने चारों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंची
जेके टायर फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत बलवीर सिंह कुशवाहा ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने सूचना पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस पर दोनों गांवों के सैकड़ों ग्रामीण और परिजन पहुंच गए। चार मौतों से भोजा का पुरा और उम्मेदगढ़ बांसी गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ेंः जिनेवा में समानांतर आयोजित सम्मेलन में सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के भारत के रुख का समर्थन