फिरोजाबाद में 41 लाख की लूट को अंजाम देकर भाग रहे चार बदमाश सड़क हादसे में घायल, पुलिस ने दबोचा
मुरैना (मध्य प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में भैंस व्यापारी से हथियारों के बल पर 41 लाख रुपए लूटकर भाग रहे चार बदमाश मुरैना में सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार कार ओवरब्रिज पर पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मुरैना पुलिस ने कार की तलाशी ली
हादसे के बाद मुरैना पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 41 लाख रुपए नकद, एक देसी रिवॉल्वर, तीन धारदार हथियार और लोहे की रॉड मिली। पुलिस के अनुसार कार सवार आसिफ खान, आबिद खान, रिहान खान और शाहिद खान भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस उन्हें भोपाल के हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे आरोपियों के रूप में देख रही है।
मामला फिरोजाबाद की लूट की वारदात से भी जुड़ा
घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मुरैना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने तथा दुर्घटना से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इधर, 41 लाख रुपए मिलने के बाद मामला फिरोजाबाद की लूट की वारदात से जुड़ गया। मुरैना पुलिस ने फिरोजाबाद पुलिस से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की है। अब फिरोजाबाद पुलिस ग्वालियर पहुंचकर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती आरोपियों से पूछताछ करेगी। पूछताछ के बाद लूट की वारदात और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: लापता दंपति की संदेहास्पद मौत का मामला, गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस और डॉग स्क्वायड 'मैरी' जुटी