रक्षाबंधन पर यूपी में महिलाओं की निशुल्क बस यात्रा, 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसों का संचालन
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है। लखनऊ, कानपुर समेत ज्यादा यात्री वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं, जबकि प्रमुख बस स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। बसों के अधिकतम संचालन के लिए चालक-परिचालकों को 1,200 रुपये तक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच परिवहन निगम ने बढ़ाईं अतिरिक्त बस सेवाएं
परिवहन निगम ने यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर लखनऊ, कानपुर समेत विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए अतिरिक्त सेवाएं चलाने और जरूरत के मुताबिक बसों की उपलब्धता बढ़ा दी है। सभी बसों को निर्धारित स्टॉपेज से यात्रियों को लेने और मार्गों की सघन चेकिंग कराने को कहा गया है। बस स्टेशनों पर लगातार पर्यवेक्षकों की मौजूदगी के साथ यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है।
बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के अलावा अन्य यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर है। बढ़ी मांग वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें संचालित की जा रही हैं। इस अवधि में निगम की सभी अनुबंधित बसों का भी संचालन महिलाओं व अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए किया जा रहा है। बस संचालन से जुड़े कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है, ताकि अधिक से अधिक बसें सड़क पर रहें।
चालक-परिचालकों को मिलेगा प्रोत्साहन
26 से 31 अगस्त तक छह दिनों की अवधि में 1,800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1,200 रुपये प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। वहीं, 1,800 किलोमीटर से अधिक संचालन पर संविदा चालक-परिचालकों को अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।
प्रमुख बस स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारी
यात्रियों की अधिक भीड़ वाले आनंद विहार, कौशांबी, कश्मीरी गेट, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, कैसरबाग, आलमबाग, चारबाग, अवध डिपो, सहारनपुर, आईएसबीटी आगरा, मसूदाबाद अलीगढ़, झकरकटी कानपुर और इटावा समेत चिन्हित बस स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
मांग के अनुसार तत्काल बढ़ाई जाएंगी बसें
निगम ने क्षेत्रीय प्रबंधकों को बस स्टेशनों पर बसों की उपलब्धता की लगातार निगरानी करने और मांग के अनुसार तत्काल अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए भीड़ वाले मार्गों पर बीच के स्टॉपेज से भी यात्रियों को बस में बैठाकर उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: वाहन स्क्रैपिंग में यूपी ने बनाया नया रिकॉर्ड, देशभर के 48.5% पुराने वाहन प्रदेश में हुए स्क्रैप