मंडला में मंत्री से लेकर पुलिस अधीक्षक तक बने तीरंदाज
मंडला (मध्यप्रदेश)। मंडला में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर "आरोह-2026" का भव्य समापन पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर कलेक्टर, सहायक कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला खेल अधिकारी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। समारोह के दौरान अतिथियों ने तीरंदाजी में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं खिलाड़ियों को लगभग 53 लाख रुपये के खेल उपकरणों की सौगात भी दी गई।
सभी ने खिलाड़ियों के साथ संवाद किया
पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में आयोजित आरोह-2026 के समापन समारोह में उत्साह और ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों के साथ संवाद किया और खेल गतिविधियों का अवलोकन किया। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पल तब देखने को मिला जब कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, कलेक्टर मंडला, सहायक कलेक्टर मंडला, पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने तीरंदाजी में निशाना साधकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। खिलाड़ियों ने भी अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित जनों ने जमकर सराहना की।
मंत्री ने 53 लाख रुपये मूल्य के खेल उपकरण प्रदान किए
समापन समारोह में खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने लगभग 53 लाख रुपये मूल्य के खेल उपकरण प्रदान किए। इससे जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का संदेश देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।