खतरनाक ज्वालामुखीय राख और गैसों के फैलने के बाद प्

ग्वाटेमाला में फूटा फ्यूगो ज्वालामुखी, देशभर में ऑरेंज अलर्ट जारी; गांवों को कराया गया खाली

Fuego Volcano Erupts, Guatemala on Alert

ग्वाटेमाला सिटी [ग्वाटेमाला] : ग्वाटेमाला में मध्य अमेरिका के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में शामिल फ्यूगो ज्वालामुखी में भीषण विस्फोट के बाद अधिकारियों ने देश में आपातकालीन चेतावनी का स्तर बढ़ा दिया है। सोमवार शाम को ज्वालामुखी की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए देशव्यापी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। आपदा समन्वय एजेंसी कॉनरेड ने बताया कि फ्यूगो ज्वालामुखी से निकलने वाली खतरनाक ज्वालामुखीय वाष्प और राख दक्षिण-पश्चिम ढलान पर स्थित सेका और सेनिजा घाटियों की ओर तेजी से बढ़ रही है।

दो गांवों को कराया गया खाली

ज्वालामुखी के बढ़ते खतरे को देखते हुए आपातकालीन अधिकारियों ने आसपास के दो गांवों को खाली कराने का अभियान शुरू कर दिया है। फ्यूगो ज्वालामुखी ग्वाटेमाला की राजधानी ग्वाटेमाला सिटी से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कॉनरेड ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि फ्यूगो ज्वालामुखी के विस्फोट के कारण देशभर में ऑरेंज (खतरे) का अलर्ट जारी किया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

ज्वालामुखी से निकलने वाली सामग्री के बहाव को देखते हुए अधिकारियों ने लास लाजास घाटी से अलोटेनांगो जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग आरएन-14 को पूरी तरह बंद कर दिया है। आपदा प्रबंधन एजेंसी ने प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे खड्डों और खतरे वाले क्षेत्रों से दूर रहें। साथ ही परिवारों को आपात स्थिति के लिए 72 घंटे का जरूरी सामान तैयार रखने और सुरक्षा हालात बिगड़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

विस्फोट के बाद शैक्षणिक गतिविधियां भी बंद

डीडब्ल्यू की रिपोर्ट के अनुसार, 3,763 मीटर ऊंचे फ्यूगो ज्वालामुखी में सक्रिय विस्फोटों के कारण पिछले कुछ वर्षों में कई बार बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय शैक्षणिक गतिविधियों को रोक दिया है। इसके अलावा दक्षिणी क्षेत्र को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल ऐतिहासिक शहर एंटिगुआ से जोड़ने वाली एक प्रमुख सड़क को भी बंद कर दिया गया है।

2018 में हुआ था सबसे बड़ा विनाशकारी विस्फोट

ग्वाटेमाला प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" क्षेत्र में आता है, जहां अक्सर ज्वालामुखीय और भूकंपीय गतिविधियां देखने को मिलती हैं। फ्यूगो ज्वालामुखी में इससे पहले 2023 में भी विस्फोट हुआ था, जिसके बाद करीब 1,200 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। वहीं, साल 2018 में हुए भीषण विस्फोट में तेज रफ्तार लावा बहने से एक गांव तबाह हो गया था। इस हादसे में 215 लोगों की मौत हुई थी, जबकि इतने ही लोग लापता हो गए थे।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: ईरान में राजनीतिक संकट: खमेनेई ने पेजेशकियन को 'आखिरी अल्टीमेटम' दिया, IRGC कमांडर का किया समर्थन