अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने सोने की चेन लूटने के

तमंचे के बल पर चेन लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

सीसीटीवी से खुला चेन लूट का राज

चंदौली: अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने लूट और फायरिंग की वारदात का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 4420 रुपये नकद, तीन तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

तमंचे के बल पर कार रोककर सोने की चेन लूटी

मामला 25 अगस्त का है। पुलिस के मुताबिक, गल्लामंडी ईस्टर्न बाजार निवासी सूर्यान्श जायसवाल अपने मित्र प्रशांत यादव और मोहित चौहान के साथ वाहन से एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान टीवीएस मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग करते हुए सूर्यान्श के गले से सोने की चेन लूट ली और चंदौली की ओर फरार हो गए।

सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से पुलिस ने बदमाशों को घेरा

घटना के बाद अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। 28 अगस्त को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में सकलडीहा की तरफ से रिंग रोड की ओर आ रहे हैं। सूचना पर अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

पुलिस को देख भागे बदमाश

इसी दौरान टीवीएस रोनिन बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिए। रोकने का इशारा करने पर दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान सड़क गीली होने के कारण बाइक फिसल गई और दोनों गिर पड़े। पुलिस ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरने के कारण चोट लगने पर दोनों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।

लूटी चेन और तमंचों समेत दो आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजकुमार दुबे निवासी जमुआवं, थाना करण्डा, गाजीपुर और अमन गिरी निवासी बभनियाव, थाना धीना, चंदौली के रूप में हुई। राजकुमार के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, दो मोबाइल फोन, तीन हजार रुपये और टीवीएस रोनिन बाइक बरामद हुई। वहीं अमन गिरी के पास से तमंचा, दो कारतूस, मोबाइल फोन और 500 रुपये बरामद किए गए।

ये भी पढ़ें- 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं की निशुल्क बस यात्रा में एक और बड़ी सुविधा