लखनऊ में दलित छात्रा से गैंग रेप, दो आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ में दलित छात्रा से गैंग रेप, दो आरोपी गिरफ्तार
एक को मुठभेड़ में गोली लगी
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 16 वर्षीय नाबालिग दलित छात्रा के साथ गैंग रेप का मामला सामने आया है। मानवता को झकझोर देने वाली यह घटना बंथरा थाना क्षेत्र में 11 अक्टूबर दोपहर करीब 12 बजे हुई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। उनमें से एक को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, 11वीं कक्षा की छात्रा अपने रिश्तेदार से मिलने परिचित के साथ मोटर साइकिल से घर से निकली थी। कृष्णा नगर के सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पांडेय ने बताया कि छात्रा और उसका परिचित एक पेट्रोल पंप के पास आम के बाग में रुके थे। तभी पांच अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। उन्होंने छात्रा के परिचित की पिटाई की और उसे भागने पर मजबूर किया। इसके बाद उन्होंने लड़की को धमकाया और गैंग रेप किया। हमलावरों ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसकी जान को खतरा होगा। बाद में पीड़िता ने यह घटना अपने रिश्तेदार को बताई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। जांच के दौरान पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आरोपी बंथरा के हरौनी रेलवे स्टेशन के पास हैं। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान ललित कश्यप के रूप में हुई है। वह इस गैंगरेप के मुकदमे में नामजद है। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। डीसीपी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा। साथ ही घटना में नामजद एक अन्य आरोपी मेराज को भी पुलिस की दूसरी टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।