अमेठी के जगदीशपुर में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में व

अमेठी में गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, हत्या-लूट समेत 16 मुकदमे हैं दर्ज

Gangster Act Accused Arrested in Amethi, 16 Cases Registered Against Him

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जगदीशपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमृत लाल (46) पुत्र रामप्यारे निवासी ग्राम भूपतिपुर, थाना मुंशीगंज, अमेठी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अमेठी और सुल्तानपुर जिलों में अलग-अलग धाराओं में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसपी के निर्देशन में चल रहा अपराधियों की धरपकड़ अभियान

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 5 नवंबर को क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में जगदीशपुर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित अमृत लाल को गिरफ्तार कर लिया।

गैंगस्टर एक्ट की इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमृत लाल के खिलाफ थाना जगदीशपुर में मु0अ0सं0 316/26 दर्ज है। यह मुकदमा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) की धारा 2(ख)(1), 2(ख)(11) और 3(1) के तहत दर्ज किया गया है। इसी मामले में आरोपी वांछित चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

हत्या, लूट और एनडीपीएस समेत 16 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस की ओर से जारी आपराधिक इतिहास के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2006 से 2026 तक कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा मुंशीगंज थाने में पॉक्सो एक्ट और महिला संबंधी अपराध की धाराओं में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।

सुल्तानपुर के थानों में भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अमेठी के अलावा सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर और हलियापुर थानों में भी मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह और कांस्टेबल विशाल गुप्ता शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:   मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार हाईवा और ऑटो की जोरदार टक्कर, पांच लोग गंभीर रूप से घायल