रायबरेली में गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, सरेनी पुलिस ने दबोचा
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरेनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सरेनी क्षेत्र के सराय बैरिहाखेड़ा तिराहे के पास से पुलिस ने दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा आरोपी
सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि बुधवार को सरेनी थाना प्रभारी रमेश चंद्र यादव को मुखबिर के जरिए आरोपी के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सराय बैरिहाखेड़ा तिराहे के पास घेराबंदी कर गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त सौरभ वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
उन्नाव का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सौरभ वर्मा पुत्र रमेश चंद्र पटेल, ग्राम दौदापुर, थाना बारासगवर, जनपद उन्नाव का निवासी है। उसके खिलाफ थाना सरेनी में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना सरेनी के प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र यादव, उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी शैलेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी रणविजय सिंह और आरक्षी आरिफ शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को सराहनीय बताया।
यह भी पढ़ेंः बैतूल में 7 वर्षीय बालक की संदिग्ध मौत, सर्पदंश की आशंका पर पुलिस जांच जारी