गौरेला में पशु तस्करी से बरामद हुए 7 मवेशी और एक की हुई मौत, एक गिरफ्तार और दो आरोपी फरार
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती गौरेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात मवेशियों से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन चालक समेत दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस की घेराबंदी में संदिग्ध वाहन पकड़ा, एक आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। पुलिस को देखते ही चालक और एक अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। मौके से जितेंद्र सिंह राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की घेराबंदी में एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
तलाशी के दौरान पिकअप में भैंस और भैंसा को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। अत्यधिक तकलीफ के कारण एक भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी छह मवेशियों को तत्काल तराईगांव गौशाला पहुंचाकर पशु चिकित्सकों से उपचार कराया गया।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि जब्त पिकअप ग्राम आमाडांड निवासी अजय राठौर की है। मवेशियों को बेलगहना के जंगल क्षेत्र से खरीदकर बूचड़खाने ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने जांच तेज की
पुलिस ने सात मवेशी, बिना नंबर की पिकअप और दो मोबाइल फोन सहित करीब सात लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ेंः समस्तीपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार