घाटकेसर दंपत्ति की मौत, जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप सामने आए
मेडचल-मलकाजगिरि (तेलंगाना)। बिबीनगर और घाटकेसर के बीच रेलवे ट्रैक पर मिले एक दंपत्ति की दुखद मौत की जांच ने एक नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों की भी जांच कर रही है। शव दो जुलाई को मिले थे।
शव मिलने की ट्रेन चालक ने दी थी सूचना
रेलवे पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, रात लगभग 10:10 बजे, एक ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रेन के आगे दो शव देखे और घाटकेसर के उप स्टेशन अधीक्षक को सूचित किया। यह सूचना सिकंदराबाद के उप स्टेशन अधीक्षक और उसके बाद सिकंदराबाद रेलवे पुलिस स्टेशन को दी गई। रेलवे पुलिस के हेड कांस्टेबल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करते समय, पुलिस को पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल मिली। मृतक की जेब से मिली चाबियां मोटरसाइकिल से मेल खाती थीं। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और उसके पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर, मृतकों की पहचान 42 वर्षीय चावल व्यापारी और उसकी 33 वर्षीय पत्नी के रूप में हुई। दोनों पेद्दा अंबरपेट के निवासी थे।
पुलिस को प्रथमदृष्टया आतद्महत्या का मामला जैसा लगा
पुलिस ने बताया कि दंपति शाम करीब 7:30 बजे मोटरसाइकिल पर घर से निकले थे। प्रथमदृष्टया, पुलिस इसे चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का मामला मान रही है। मौत के सटीक कारण की जांच जारी है। दंपति के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 12 और 13 साल है। सिकंदराबाद रेलवे पुलिस ने बताया कि दंपति के बड़े बेटे ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने उसके माता-पिता पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डाला था। एक पुलिस अधिकारी ने इन आरोपों की भी जांच की जा रही है, और सबूत जुटाए जा रहे हैं। (एएनआई)