गाजियाबाद गौहत्या मामला: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, पिस्तौल और कारतूस बरामद
गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश पुलिस ने गाजियाबाद में गौहत्या की घटना के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक के पैर में चोट आई है। अंकुर विहार के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) अमरदीप कुमार मौर्य के अनुसार, यह घटना सोमवार को आरोपी गुलफाम के घर पर हुई थी। गुलफाम तो इसमें सीधे तौर पर शामिल था ही, लेकिन उसके साथी वारदात के बाद से ही फरार थे, जिसके चलते स्थानीय पुलिस ने पूरे जिले में सघन तलाशी अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर हुई फायरिंग
फरार संदिग्धों का पता लगाने के लिए नियमित वाहन चेकिंग के दौरान, पुलिस की एक टीम ने दो लोगों को ले जा रही एक मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया, जिस पर संदिग्ध ने अधिकारियों पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिससे संदिग्ध के पैर में गोली लग गई।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
उन्होंने कहा, "3 अगस्त को गौहत्या की घटना हुई थी। यह घटना गुलफाम के घर पर हुई थी, जो खुद इसमें शामिल था। उसके साथ मौजूद अन्य आरोपी कल से ही फरार थे। पुलिस संदिग्धों का पता लगाने के लिए सघन चेकिंग कर रही थी। आज, ऐसी ही एक चेकिंग के दौरान, पुलिस टीम ने दो लोगों को ले जा रही एक मोटरसाइकिल को रोका। पुलिस को देखकर और रुकने का इशारा मिलने पर, संदिग्धों में से एक ने अधिकारियों पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके दौरान एक संदिग्ध के दाहिने पैर में गोली लग गई और उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।"
हथियार और कारतूस बरामद, जांच जारी
बाद में संदिग्ध ने गौहत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके पास से 300-बोर की पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए। उन्होंने कहा, "पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह कल हुई गौहत्या की घटना में शामिल था और ऐसी ही एक और वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। उसके पास से 300-बोर की पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: बलिया में पॉक्सो मामले में 46 दिन में फैसला, दुष्कर्म के दोषी पिता को उम्रकैद