गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़: 50 हजार का इनामी फरमान उर्फ नागिन गिरफ्तार, 100 से अधिक मामलों में था आरोपी
गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और लिंक रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सूर्य नगर और राधाकुंज इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद 50,000 रुपये के इनामी और वांछित अपराधी फरमान उर्फ 'नागिन' को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़ा गया आरोपी कार चोरी, डकैती और झपटमारी की 100 से अधिक वारदातों में शामिल रहा है।
सूर्य नगर चौराहे पर की गई नाकाबंदी
मुठभेड़ और पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए साहिबाबाद के एसीपी अमित सक्सेना ने बताया, "पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली थी कि कार चोरी के मामले में वांछित आरोपी फरमान, लिंक रोड पुलिस थाना के अधिकार क्षेत्र में स्थित बृज विहार चौकी क्षेत्र में आने वाला है।"
एसीपी के मुताबिक, इस इनपुट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच और लिंक रोड पुलिस की संयुक्त टीम ने सूर्य नगर चौराहे पर नाकेबंदी कर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
नाका तोड़कर भागा आरोपी
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी, जिस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। एसीपी अमित सक्सेना ने आगे बताया, "जब पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का इशारा किया, तो कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ली। पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया।"
आरोपी कार को राधाकुंज इलाके से होते हुए एक कच्चे रास्ते पर ले गया, जहां आगे जाकर सड़क पूरी तरह से बंद थी (डेड एंड)। आगे भागने का कोई रास्ता न पाकर आरोपी कार से बाहर निकला और जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर दोबारा गोलियां चला दीं।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई
पुलिस टीम ने भी अपना बचाव करते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। एसीपी ने बताया, "पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान फरमान उर्फ 'नागिन' के रूप में हुई है।"
गैंगस्टर एक्ट समेत दर्ज हैं 100 से ज्यादा मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फरमान उर्फ 'नागिन' एक खूंखार और आदतन अपराधी है। उस पर विभिन्न थानों में 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 24 से अधिक डकैती, 36 से अधिक झपटमारी (स्नैचिंग) और 36 से अधिक चोरी के मामले शामिल हैं। इसके अलावा उस पर तीन अलग-अलग मामलों में कड़े गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर की पिस्तौल, जिंदा व चले हुए कारतूस और लग्जरी व हाई-एंड कारें चुराने में इस्तेमाल होने वाला एक आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टूल/उपकरण बरामद किया है। पुलिस ने घायल अपराधी को चिकित्सीय उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: सोनभद्र में घर की सफाई के दौरान सर्पदंश से 27 वर्षीय महिला की मौत, त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं