गाजीपुर में इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल
गाजीपुर। जिले के थाना क्षेत्र खानपुर में शनिवार को पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ में 25 हजार का वांछित इनामी और शातिर नकबजन मुकेश उर्फ शिप्पू राजभर गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस के अलावा चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया। सीओ कासिमाबाद शुभम वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत चल रहे अपराध विरोधी अभियान के दौरान थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर चांदपुर मोड़ के पास पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरने की कोशिश की। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। उसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल सीएचसी खानपुर भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुकेश उर्फ सिप्पू (शिप्पू) राजभर पुत्र राधे उर्फ राधेश्याम राजभर के रूप में हुई है। वह गाजीपुर के थाना क्षेत्र खानपुर के सिगारपुर गहिरा का रहने वाला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियुक्त का़ लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ जौनपुर और गाजीपुर जिलों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष खानपुर शैलेन्द्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी सिधौना कमल भूषण राय और चौकी प्रभारी मौधा राम बाबू सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे। घायल इनामिया बदमाश के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।