अमेठी में सात वर्षीय बच्ची की दवा लेने के कुछ देर

बुखार आने पर दवा खिलाने से बच्ची की मौत, डॉक्टर पर लगा गलत दवा देने का आरोप

दवा लेने के बाद सात वर्षीय बच्ची की मौत

अमेठी: कमरौली नरहरगढ़ मठ मजरा ऊंचगांव निवासी करिश्मा की सात वर्षीय बेटी सौम्यी की शुक्रवार को दवा खाने के कुछ देर बाद मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद मां ने कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पर बैठे डॉ. जावेद पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कमरौली थाने में तहरीर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। 

बुखार आने के बाद दी थी दवा

करिश्मा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बेटी सौम्यी को बुखार आया था। वह बच्ची को लेकर कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पहुंचीं, जहां डॉ. जावेद से दवा ली। सुबह करीब आठ बजे वह बच्ची को लेकर घर लौट आईं। करीब 10 बजे दवा देने के कुछ देर बाद सौम्यी की हालत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि बच्ची के नाक से झाग आने लगा। हालत गंभीर देख परिजन उसे तत्काल डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। मां का आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची को सूर्या अस्पताल ले जाकर भर्ती कराने की सलाह दी। परिजन बच्ची को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, तभी कुछ मिनट बाद उसकी मौत हो गई।

मां ने लगाया लापरवाही का आरोप

बच्ची की मौत के बाद मां ने कमरौली थाने में तहरीर देकर डॉक्टर पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

ये भी पढ़ें- चार धाम-12 ज्योतिर्लिंग की पैदल यात्रा पर निकले वीर निहाले