गोंडा में बिना जानकारी बैंक खाते में छह लाख रुपये

गोंडा में बिना जानकारी लोन कर खाते से रकम निकालने का मामला, वांछित आरोपी गुरुग्राम से गिरफ्तार

Gonda Loan Fraud Case: Wanted Accused Arrested from Gurugram

गोंडा (उत्तर प्रदेश)। खरगूपुर पुलिस ने बिना जानकारी बैंक खाते में लोन की रकम भेजकर उसे निकालने के मामले में वांछित आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रमीजुल हुसैन को विस्ट्रो फूड सेंटर, सेक्टर-40, गुरुग्राम से पकड़ा।पुलिस के मुताबिक ग्राम कमडावां निवासी परमानन्द तिवारी ने खरगूपुर थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी कि उनकी जानकारी के बिना उनके बैंक खाते में छह लाख रुपये का लोन कर दिया गया। इसके बाद लोन की रकम को कई बार में खाते से निकाल लिया गया।

खाते से वेतन भी निकाला, शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके वेतन के 21 हजार रुपये भी खाते से निकाल लिए गए।तहरीर मिलने के बाद खरगूपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान रमीजुल हुसैन पुत्र मुबारक मियां का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।पुलिस ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों को जुटाते हुए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया।

गुरुग्राम में दबिश देकर आरोपी को पुलिस ने दबोचा

इसके बाद खरगूपुर पुलिस टीम ने हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-40 में दबिश देकर रमीजुल हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कूचविहार जिले का रहने वाला है और वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-45 में रह रहा था।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना खरगूपुर में मुकदमा अपराध संख्या 255/2024 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338 और 336(3) बीएनएस में मामला दर्ज है। 

आरोपी से पूछताछ जारी, आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभय नारायण यादव और कांस्टेबल जगदीश कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में आगे की जांच को गति मिलने की उम्मीद है। 

यह भी पढ़ें:   डिंडोरी में खेत के अंदर संदिग्ध हालत में मिली 65 वर्षीय वृद्ध महिला की लाश, खून से सना पत्थर मिलने से उठे सवाल