गोण्डा में घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर

गोण्डा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद

Gonda Police Arrest Two in House Theft Case, Recover Cash and Jewellery

गोण्डा (उत्तर प्रदेश)। गोण्डा के थाना कोतवाली नगर पुलिस ने घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी से संबंधित आभूषण, ₹4,800 नकद और ₹634 के सिक्के बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

घर का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, आवास विकास निवासी हजारी लाल गुप्ता पुत्र राम किशोर ने 15 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब आठ बजे अपनी पत्नी के साथ काम पर गए थे। दोपहर तीन बजे लौटने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अज्ञात चोर दरवाजे का ताला तोड़कर ₹50 हजार नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

चोरी की घटना के अनावरण के लिए उपनिरीक्षक पिण्टू कुमार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे न्यू इन्दिरा नगर कॉलोनी जाने वाली कच्ची सड़क के किनारे दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी से संबंधित सामान बरामद हुआ।

आभूषण और नकदी बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक मंगलसूत्र, कान के एक जोड़ी झाले, एक जोड़ी पायल, पीली धातु का एक गिलास, ₹634 के सिक्के और ₹4,800 नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद पुत्र सिद्दिक और छोटू उर्फ सुल्तान पुत्र स्वर्गीय दीन मोहम्मद, निवासी न्यू इन्दिरा नगर कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा के रूप में हुई है।

दो आरोपियों को न्यायालय भेजा

इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 0947/2026, धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय रवाना किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पिण्टू कुमार यादव, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार नायक, हेड कांस्टेबल विपिन पाण्डेय और कांस्टेबल पियूष गोस्वामी शामिल रहे। 

यह भी पढ़ें:   पहले तलाक और फिर हलाला के नाम पर दुष्कर्म का आरोप, बिजनौर में मचा हड़कंप पति गिरफ्तार