गोण्डा में मोबाइल टावर और घरों में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
गोण्डा (उत्तर प्रदेश)। जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से पावर केबल चोरी और घरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो जोड़ी पायल, एक अंगूठी, ₹4,250 नकद, कॉपर पावर केबल के छह टुकड़े तथा एल्युमीनियम सहित एक अन्य पावर केबल बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद पल्सर मोटरसाइकिल के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 21/22 अक्टूबर की रात धानेपुर पुलिस जिगनिहा तिराहे पर रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गनवरिया की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
मोबाइल टावर और घरों में चोरी का खुलासा
तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर ग्राम गूंगीदेई स्थित एयरटेल मोबाइल टावर से पावर केबल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा, उन्होंने करीब एक माह पूर्व ग्राम बक्सीपुरवा डेबरीकला में दो घरों से जेवरात और नकदी चोरी करने की घटना में शामिल होने की बात भी कबूल की
दो घरों से जेवरात और नकदी चोरी का मामला
पुलिस के मुताबिक, बक्सीपुरवा डेबरीकला में 15/16 सितंबर की रात चोरों ने छत के रास्ते एक घर में प्रवेश कर जेवरात और ₹3,000 नकद चोरी किए थे। इसके अतिरिक्त पड़ोसी श्यामलाल मौर्य के घर से ₹15,000 नकद चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में थाना धानेपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पावर केबल चोरी में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजे गए
वहीं, 21 अक्टूबर को ग्राम गूंगीदेई स्थित एयरटेल इंडस टावर से पावर केबल काटकर चोरी किए जाने की सूचना भी पुलिस को मिली थी।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश उर्फ संजय शुक्ला और हरिओम तिवारी, दोनों निवासी लोहसीसा पूरे सिधारी, थाना इटियाथोक, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गंगोत्री यादव, मुख्य आरक्षी रवि प्रकाश यादव और आरक्षी सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित अभियोगों के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है।
यह भी पढ़ें: बांदा में सीढ़ी से गिरकर घायल किसान की मौत, कानपुर ले जाते समय रास्ते में थमी सांसें