गोण्डा में खिड़की तोड़कर चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
गोण्डा (उत्तर प्रदेश)। कटराबाजार थाना क्षेत्र में घर की खिड़की तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को सिरपुरवा तिलका निवासी रवि कुमार पाण्डेय ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
पुलिस टीम ने सुरागरसी और जांच-पड़ताल के बाद मंगलवार को कार्रवाई करते हुए सिरपुरवा तिलका निवासी मुल्कराज पुत्र सुनील पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामान में दो पीली धातु की थालियां, पांच फूल की कटोरियां, चार सफेद धातु के सिक्के, एक गैस सिलेंडर, एक इन्वर्टर मय बैट्री, एक एलसीडी, एक एलजी एलईडी टीवी और एक ग्राइंडर/मिक्सर शामिल हैं।
चोरी का सामान बरामद होने के बाद आरोपी कोर्ट भेजा गया
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कटराबाजार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 के तहत धारा 305(ए), 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई है और उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। चोरी की घटना का जल्द खुलासा होने से पीड़ित परिवार को राहत मिली है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अतीउल्लाह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और महिला कांस्टेबल महेश्वरी शामिल रहीं।
यह भी पढ़ें: सुलतानपुर में दुर्गा पूजा दान पात्र चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार और 1,210 रुपये बरामद