ग्रेटर नोएडा के यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में गोरखपु

UPITS में छाया गोरखपुर का देसी स्वाद, लिट्टी-चोखा और लहसुन वाले छोले समोसे के मुरीद हुए विदेशी

Gorakhpur's desi flavours shine at UPITS (File Photo)

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 सितंबर से आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में गोरखपुरिया देसी स्वाद का खूब जलवा दिख रहा है। UPITS के 'फूड कोर्ट' में गोरखपुर की ODOC (एक जनपद एक व्यंजन) योजना में शामिल लिट्टी चोखा और लहसुन वाले छोले समोसे के ठेठ देसी स्वाद ने सबका दिल जीत लिया है। एक बार चखते ही विदेशी भी इसके स्वाद के मुरीद हो जा रहे हैं।

ट्रेड शो में उमड़ी भारी भीड़

इंटरनेशनल ट्रेड शो के व्यस्त कारोबारी माहौल के बीच पारंपरिक व्यंजनों के स्वाद आगंतुकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। गोरखपुर से ODOC में शामिल दो व्यंजनों के स्टाल लगाए गए हैं। इनमें से मेसर्स बाटी चोखा के गंगाधर दूबे और मेसर्स चंद्रकेश हलवाई (चौरीचौरा) के चंद्रकेश प्रजापति ने लहसुन वाले छोले समोसे का स्टाल लगाया है। सत्तू भरी लिट्टी-चोखा और तीखे-चटपटे लहसुन वाले छोले समोसे के इन स्टाल लगातार खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

विदेशी मेहमानों को भाया लिट्टी-चोखा

फोन पर हुई बातचीत में गंगाधर दूबे ने बताया कि देश के अलावा विदेश से आए आगंतुकों को भी लिट्टी चोखा का स्वाद लाजवाब लगा है। कई विदेशी तो दोबारा लिट्टी चोखा खाने स्टाल पर आ रहे हैं। शुक्रवार से लेकर रविवार तक, तीन दिन में करीब तीन लाख रुपये की बिक्री हो गई है। लिट्टी चोखा को ODOC में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए गंगाधर दूबे ने कहा कि सीएम योगी की पहल से देसी स्वाद अब वैश्विक पहचान हासिल कर रहा है।

लहसुन वाले समोसों की जबर्दस्त डिमांड

UPITS में लहसुन वाले छोले समोसे का अनोखा चटकारा तो नया ट्रेंडसेटर साबित हो रहा है। इसका स्टाल लगाने वाले चंद्रकेश प्रजापति को जब तीन दिन के कारोबार का हाल जानने को फोन किया गया तो उन्होंने कहा, जल्दी बोलिए, स्टाल पर बहुत भीड़ है। उन्होंने बताया कि लहसुन वाले छोले समोसे की इतनी डिमांड है कि शुक्रवार से ही दम लेने की फुर्सत नहीं मिल रही है। चंद्रकेश ने कहा कि स्टाल पर आए कुछ लोगों ने उन्हें दिल्ली में दुकान खोलने का आग्रह किया है। चंद्रकेश के मुताबिक योगी सरकार की ODOC योजना ने इस व्यंजन को कस्बे से उठाकर वैश्विक मंच उपलब्ध करा दिया है।

यह भी पढ़ें: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में छाई कन्नौज की खुशबू, पारंपरिक इत्र और आधुनिकता का अनूठा संगम