शाजापुर में खुद को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का उपस

सरकारी कर्मचारी को ट्रांसफर का झांसा देकर एक लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी

मनचाही पोस्टिंग के नाम पर ठगे एक लाख रुपये

शाजापुर: सरकारी कर्मचारियों को ट्रांसफर कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को अवंतीपुर बड़ोदिया थाना अंतर्गत पोलायकलां पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश का उपसंचालक बताकर एक सरकारी कर्मचारी को उसके मनचाहे स्थान पर ट्रांसफर कराने के एवज में करीब एक लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की थी।

आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में मामला दर्ज

चौकी प्रभारी दीपक धुर्वे के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 278/25 में धारा 318(4) एवं 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर शाजापुर पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शुजालपुर निमेष देशमुख के निर्देशन में अवैध साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश पर थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। 

आरोपी नूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र से गिरफ्तार 

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र पिता शेषमणि तिवारी (38), निवासी उतरन, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय शुजालपुर में पेश किया, जहां से प्रकरण में आगे की कार्रवाई की गई। 

पुलिस खंगाल रही मोबाइल नंबर और बैंक खातों का नेटवर्क

पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में आरोपियों द्वारा सरकारी अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति बनकर लोगों का विश्वास हासिल किया जाता था और इसके बाद काम कराने के नाम पर ऑनलाइन भुगतान कराया जाता है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि उसने ठगी की वारदात में किन-किन मोबाइल नंबरों, बैंक खातों या ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल किया था और उसके साथ इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- बरेली में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 67 दरोगाओं का ट्रांसफर