बाराबंकी में सरकारी सहायक अध्यापक की संदिग्ध परिस्

बाराबंकी में सरकारी सहायक अध्यापक का शव फंदे से लटका मिला, परिवार में मचा कोहराम

Government Teacher Found Dead at Home, Police Begin Investigation in Barabanki

बाराबंकी,(उत्तर प्रदेश)। रामनगर नगर पंचायत के धमेड़ी-2 मोहल्ले में सोमवार को एक सरकारी सहायक अध्यापक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बरौलिया परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक था मृतक

मृतक की पहचान 32 वर्षीय सुभाषकर तिवारी उर्फ आशु के रूप में हुई है। वह बहराइच जनपद के जरवल विकासखंड स्थित बरौलिया परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलने पर सुभाषकर तिवारी फंदे से लटके मिले। परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की पूरी

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, कस्बा प्रभारी सुभाष चंद्र यादव तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भी पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

परिवार की तीन पीढ़ियां शिक्षा विभाग से जुड़ा

सुभाषकर तिवारी के पिता बृजकिशोर तिवारी शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि उनकी पत्नी छाया तिवारी भी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। परिवार की तीन पीढ़ियां शिक्षा विभाग से जुड़ी रही हैं। सुभाषकर अपने पीछे पत्नी, नौ वर्षीय बेटी भाग्या और चार वर्षीय पुत्र रिभव को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, सहकर्मी, रिश्तेदार और स्थानीय लोग उनके आवास तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु में गौहत्या पर मद्रास हाई कोर्ट के प्रतिबंध पर लगाई अंतरिम रोक