मैहर में स्कूल से लौट रही 8वीं की छात्रा का अपहरण कर गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार
मैहर। जिले के अमदरा में 13 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता कक्षा 8 की छात्रा है। शुक्रवार सुबह 10 बजे छात्रा घर से स्कूल के लिए निकली थी। स्कूल उसके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर था, लेकिन दोपहर 4 बजे तक वह घर नहीं लौटी। जब परिजन स्कूल पहुंचे, तो पता चला कि छात्रा छुट्टी के बाद घर के लिए निकल चुकी थी।
रात 9 बजे परिजन ने दर्ज कराई शिकायत
काफी खोजबीन के बाद, रात करीब 9 बजे परिजनों ने अमदरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शनिवार सुबह जुकेही चौकी के अंतर्गत एक घर से छात्रा को बरामद किया। छात्रा उस समय बदहवास और सदमे की स्थिति में थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक कटनी निवासी सनी कोहली (25) है और दूसरा जुकेही निवासी गोलू उर्फ दीपक बसोर (38) है। जिस घर से छात्रा को बरामद किया गया, वह आरोपी दीपक का ही घर है।
हिस्ट्रीशीटर बदमाश है दीपक
पुलिस के अनुसार, दीपक कटनी का एक निगरानीशुदा (history-sheeter) बदमाश है, जिस पर पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। मामले में कानूनी कार्यवाही जारी है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/software-engineer-arrested-as-mastermind-of-noida-violence/175585