आशीर्वाद के 9 लाख 77 हजार से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाया बैतूल, प्रधानमंत्री की प्रतिकृति रही आकर्षण का केंद्र
बैतूल {मध्य प्रदेश}: सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाया गया। केंद्र प्रवर्तित योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता से जिले में 9 लाख 77 हजार से अधिक दीपों का प्रज्वलन कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। जिला मुख्यालय के साथ सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में भी प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों को दीपों से रोशन किया गया।
3100 दीपों से बनाई प्रधानमंत्री की प्रतिकृति
आठनेर नगर में 3100 दीपों की प्रतिकृति से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आकर्षक तस्वीर बनाई गई, जो कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बन गई। विकासखण्ड आठनेर नगर में यह जन्मदिन आकर्षण का केंद्र बन गया। नगर परिषद के परिसर में 3100 दीपों की प्रतिकृति से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऐसी तस्वीर बनाई गई, जिसने सभी का मन मोह लिया और आकर्षण का केंद्र बन गई। यह ऐतिहासिक तस्वीर अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
नगरवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़ाया उत्साह
नगर परिषद अध्यक्ष सुषमा मनोज जगताप ने बताया कि नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े उत्साह के साथ प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन मनाया गया। कहीं रक्तदान शिविर तो कहीं दीपक जलाकर मंदिरों और शासकीय भवनों को रोशन किया गया। आठनेर नगर के नगर परिषद कार्यालय के सामने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी की तस्वीर बनाकर उसे दीपों से जगमगाया गया। इसमें कुल 3100 दीपक लगे। इन्हें रोशन करने में भाजपा कार्यकर्ता और नगर परिषद के सहयोगी और नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। सभी के सहयोग से उनके जन्मदिन को ऐतिहासिक बनाया गया और उनके दीर्घायु और स्वस्थ निरोग जीवन के लिए भगवान से प्रार्थना की गई।
ये भी पढ़ें: इटावा में करंट की चपेट में आए किसान की मौत, इलाज के दौरान सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में तोड़ा दम