औरंगाबाद में पैसों के विवाद में पोते ने की दादा की हत्या, इलाके में सनसनी
औरंगाबाद,(बिहार)। ओबरा थाना क्षेत्र के लोकन बिगहा गांव में सोमवार की सुबह रिश्ते को कत्ल करने एवं इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना हुई। यहां महज पैसों के विवाद में एक पोते ने अपने 70 वर्षीय दादा सुरेश सिंह यादव की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।
पैसे की मांग को लेकर दादा और पोते का विवाद
मृतक के बेटे संजय यादव के अनुसार सुबह घर में पैसे की मांग को लेकर दादा और पोते का विवाद हो गया। दादा ने पैसे देने से इंकार कर दिया। उसके बाद पोता आपे से बाहर हो गया और लाठी-डंडे से उनपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वृद्ध दादा सुरेश सिंह सम्भल नहीं पाए और अत्यधिक पिटाई के कारण उनकी मौत हो गई।
आरोपी पोता मौके से फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पोता मौके से फरार हो गया। संजय ने बताया कि पूर्व में भी दादा और पोते के बीच पैसे की मांग को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था और उस वक्त भी मेरे बेटे ने पिता पर हमला कर दिया था। जिसमें वह बाल बाल बच गए थे।
गल्ला बेचकर घर चलाते थे सुरेश
गांव वालों ने बताया कि सुरेश सिंह यादव गांव-गांव जाकर अनाज खरीद-बेचकर परिवार का भरण-पोषण किया करते थे। इसी कमाई के पैसों को लेकर पोते और दादा के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
घटना की खबर मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार दल बल के साथ लाखों बिगहा पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। जहां पोस्टमार्टम कराकर शव उनके पुत्र के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में प्राचार्य पर गंभीर आरोप, महिला सहकर्मी की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच