ग्रेटर नोएडा में 6 साल के बच्चे का अपहरण कर बेचने का आरोप, 2 महिलाओं समेत 7 गिरफ्तार
नोएडा (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्चे के अपहरण और कथित तौर पर उसे बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपहृत बच्चे को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई ऑरा कार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और नकदी भी बरामद की गई है।
13 अक्टूबर को लापता हुआ था बच्चा, 14 को शिकायत
पुलिस के मुताबिक, बच्चे के परिजनों ने 14 अक्टूबर को शिकायत दी थी कि उनका करीब 6 साल का बेटा 13 अक्टूबर को घर से खेलते हुए लापता हो गया था। इसके बाद कासना थाने में मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की गई। 17 अक्टूबर को पुलिस को ग्राम डाढ़ा गोलचक्कर के पास संदिग्ध कार सवारों के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन सवार भागने लगे। पीछा करने के दौरान कार पेड़ से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार घायल हो गए।
दो लाख रुपये में बच्चे को बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बच्चे को काशीराम अस्पताल के सामने से मोटरसाइकिल पर अगवा करने और बाद में ऑरा कार से गाजियाबाद ले जाने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, बच्चे को बेचने के बदले आरोपियों को कुल 2 लाख रुपये मिले थे, जबकि ढाई लाख रुपये और मिलने थे। इस मामले में पुष्पा और कमलेश की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बच्चे को बरामद किया।
सात गिरफ्तार, तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद
पुलिस ने मामले में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार, अंकित कुमार, विकास, नकुल, पुष्पा और कमलेश को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.50 लाख रुपये, नकुल और विकास से 20-20 हजार रुपये तथा पुष्पा से 32,800 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तीन तमंचे, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मुठभेड़ से संबंधित एक अन्य मुकदमा बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाने में दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में मोबाइल दुकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार