ग्रेटर नोएडा में 105 मीटर चौड़ी सड़क का प्रस्ताव, गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
नोएडा (उत्तर प्रदेश)। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने ग्रेटर नोएडा में माल ढुलाई एवं यात्री यातायात को अलग करने तथा गंगा एक्सप्रेसवे से संपर्क बेहतर बनाने के लिए हापुड़ बाईपास तक 105 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस प्रस्ताव पर सोमवार को लखनऊ में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में चर्चा की गई।
15 किमी सड़क से घटेगा सफर का समय
मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में औद्योगिक विकास के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार भी मौजूद थे। GNIDA के अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क से नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गंगा एक्सप्रेसवे के बीच की दूरी करीब 30 से 45 मिनट में तय की जा सकेगी। बयान में कहा गया कि करीब 15 किलोमीटर तक संपर्क मार्ग का विस्तार करने से ग्रेटर नोएडा को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
MMLH से जेवर एयरपोर्ट तक एलिवेटेड रोड
प्राधिकरण ने ‘मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब’ (MMLH) से जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक छह लेन की एलिवेटेड सड़क बनाने का भी प्रस्ताव दिया है। बयान के अनुसार, पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के समानांतर बनाई जाने वाली यह प्रस्तावित सड़क विशेष रूप से माल ढुलाई के लिए होगी और हवाई अड्डे से जुड़ेगी। इससे ‘लॉजिस्टिक हब’ से सामान सीधे हवाई माल टर्मिनल तक पहुंचाया जा सकेगा।
लॉजिस्टिक हब से एयर कार्गो टर्मिनल तक सीधा रास्ता
इसमें कहा गया कि MMLH और ‘मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब’ (MMTH) ग्रेटर नोएडा की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं। इनसे माल ढुलाई को सुगम बनाने तथा ‘लॉजिस्टिक हब’ और हवाई अड्डे के बीच यातायात प्रवाह बेहतर होने की उम्मीद है। ये प्रस्ताव माल ढुलाई और यात्री यातायात को अलग करने के लिए ‘ग्रेटर नोएडा मास्टर प्लान 2041’ में संशोधन करने की योजना का हिस्सा हैं। (Input: PTI)
यह भी पढ़ें: योगी सरकार का ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पेयजल आपूर्ति के साथ सुगम आवागमन की सुविधा पर जोर