क्यूल-जसीडीह रेलखंड के झाझा रेलवे स्टेशन के पास मु

झाझा रेलवे स्टेशन के पास मुंबई मेल से गिरकर युवक की मौत, 9 जुलाई को होनी थी शादी

Groom-to-Be Dies After Falling from Mumbai Mail Train Near Jhajha

जमुई (बिहार)। क्यूल-जसीडीह रेलखंड के झाझा रेलवे स्टेशन के पास मुंबई मेल एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुपुर जिले के जगदीशपुर गांव निवासी मकसूद अंसारी के पुत्र मो. इबरार आलम के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घर लौटते समय हुआ हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, मो. इबरार आलम मुंबई में सिलाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह मुंबई मेल एक्सप्रेस से अपने घर लौट रहे थे। उन्हें मधुपुर स्टेशन पर उतरना था, लेकिन झाझा रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रेफरल अस्पताल झाझा में भर्ती कराया। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फोन बंद होने से बढ़ी चिंता, फिर मिली दुखद खबर

परिजनों ने बताया कि यात्रा के दौरान उनकी लगातार इबरार से फोन पर बातचीत हो रही थी, लेकिन अचानक उनका फोन उठना बंद हो गया। इसके बाद परिजनों ने मधुपुर रेलवे स्टेशन पर जानकारी ली और पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई। इसी दौरान पता चला कि इबरार आलम जमुई में गंभीर अवस्था में इलाजरत हैं। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, गांव में शोक की लहर

परिजनों के अनुसार, इबरार आलम की शादी आगामी 9 जुलाई को होने वाली थी और वह इसी सिलसिले में घर लौट रहे थे। उनकी मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। युवक ट्रेन से कैसे गिरा, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक से अज्ञात अधेड़ का शव बरामद, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका