हाथरस में 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, पेड़ पर लटका मिला शव
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। हाथरस जनपद के हसायन थाना क्षेत्र के करारमई गांव में 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक छात्र की पहचान गांव निवासी यशवेंद्र के 15 वर्षीय बेटे कान्हा के रूप में हुई है। कान्हा एक इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था।
देर शाम घर से निकला था कान्हा, रात में पेड़ पर मिला शव
बताया जा रहा है कि कान्हा कल देर शाम घर से निकला था। काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजन और ग्रामीण छात्र को आसपास के इलाकों में तलाश करते रहे। इसी दौरान रात को गांव के पास स्थित एक मंदिर के नजदीक पेड़ पर कान्हा का शव लटका हुआ मिला।
डॉक्टर ने छात्र को मृत घोषित किया, पुलिस ने शुरू की जांच
छात्र को पेड़ से उतारकर परिजन तत्काल डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस घर ले आए। आज घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिता ने जमीन विवाद में बेटे की हत्या का लगाया आरोप
वहीं, मृतक के पिता यशवेंद्र ने बेटे की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गांव के कुछ लोगों से उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पिता ने इन्हीं लोगों पर अपने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस को आत्महत्या का शक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में विवाहिता की हत्या के मामले में पति को फांसी की सजा, एक लाख रुपये जुर्माना