हाथरस में खेत में किसान का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। सादाबाद में खेत में किसान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्राम पंचायत घूंचा स्थित एक खेत में शनिवार तड़के करीब 7 बजे 58 वर्षीय किसान महिपाल सिंह का शव ट्रैक्टर में लगे कल्टीवेटर के नीचे पड़ा मिला। शव के पास डंडा और लोहे की सरिया मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस
मृतक महिपाल सिंह सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मोहनलाल के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही सादाबाद के अधिकारियों के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खेत पर एकत्रित हो गए।
जमीन विवाद को लेकर दोनों परिवारों में था विवाद
परिजनों के मुताबिक महिपाल सिंह ने करीब आठ महीने पहले अपने छोटे भाई जंगजीत की पुत्रवधू नीता से ग्राम पंचायत घूंचा में करीब सवा बीघा खेत खरीदा था। इसी जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि दो दिन पहले जंगजीत के परिवार के लोगों ने इसी खेत में जुताई कर सरसों की बुवाई कर दी थी।
जुताई के दौरान हमले की आशंका
शनिवार तड़के करीब तीन बजे महिपाल सिंह ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे और दोबारा जुताई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उन पर हमला किया गया। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों से बचने के लिए महिपाल सिंह ट्रैक्टर लेकर भागे, लेकिन ट्रैक्टर कच्ची सड़क पार कर दूसरे खेत में पहुंच गया। यहीं ट्रैक्टर में लगे कल्टीवेटर के नीचे उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
घटना के बाद मृतक के पुत्रों ने परिवार के ही लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों की मांग पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस घटना की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में शराब तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, 242 लीटर विदेशी शराब बरामद