हाथरस में ATM तोड़कर चोरी की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। एटीएम तोड़कर नकदी चोरी करने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी का चेहरा स्पष्ट नहीं दिखाई दिया, लेकिन पुलिस ने उसकी चाल, चप्पलों और आसपास लगे कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर उसकी पहचान कर ली। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का टायर लीवर भी बरामद हुआ है।
आरोपी ने लोहे की रॉड से एटीएम को तोड़ने का किया प्रयास
मामला हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र में हाथरस-मथुरा रोड पर रेलवे स्टेशन के सामने लगे एटीएम का है। 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि आरोपी ने लोहे की रॉड से एटीएम को तोड़कर खोलने और नकदी चोरी करने का प्रयास किया था। इस दौरान उसने बूथ की ट्यूबलाइट भी क्षतिग्रस्त कर दी, जिससे अंदर अंधेरा हो गया।
पुलिस ने एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में एसओजी और मुरसान पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। एटीएम के आसपास करीब 300 मीटर दूर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध की चाल, बाएं पैर पर पड़ने वाले दबाव और चौड़ी पट्टी वाली चप्पलों को अहम सुराग बनाया गया।
मिठाई बनाते समय जलने की चोट
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुरसान के किला मढ़ैया निवासी सनी के बाएं पैर में नेपाल में मिठाई बनाते समय जलने की चोट लगी थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के मिलान के बाद पुलिस ने रविवार रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू
सीओ सादाबाद के मुताबिक, आरोपी ने नशे की लत पूरी करने और पैसों की कमी के चलते एटीएम तोड़ने की कोशिश करने की बात स्वीकार की। उसने पंचर की दुकान से टायर लीवर चोरी कर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था, लेकिन एटीएम नहीं खुल सका। आरोपी के खिलाफ पहले से भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः ड्रग तस्करी के खिलाफ NCB की बड़ी कार्रवाई, 7 राज्यों में 20 करोड़ रुपये की 25 संपत्तियां जब्त