हाथरस भीषण सड़क हादसा में मोपेड सवार तीन लोगों की मौत, नायब तहसीलदार की गाड़ी से टक्कर
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। जंक्शन थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास शुक्रवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में मोपेड सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ठूलई गांव निवासी नाती दक्ष और उनके बाबा सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान सोनू की भी मौत हो गई।
नायब तहसीलदार की गाड़ी से मोपेड की टक्कर
बताया जा रहा है कि मोपेड सवार तीनों लोग सलेमपुर के पास से गुजर रहे थे, तभी नायब तहसीलदार सिकंदरा राऊ की गाड़ी से उनकी टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घायल सोनू को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर लगाए गंभीर आरोप
हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों और घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने नायब तहसीलदार की गाड़ी के आगे लेटकर सड़क पर जाम लगा दिया। स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि उन्होंने नायब तहसीलदार से घायल को अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर अभद्रता करते हुए थप्पड़ मारने और गाली-गलौज करने के बाद घायल को अस्पताल ले जाने से इनकार कर दिया।
सोनू की मौत के बाद मृतकों की संख्या तीन, जांच में जुटी पुलिस
भीड़ बढ़ती देख नायब तहसीलदार के मौके से चले जाने की भी बात सामने आई है। वहीं सूचना पर हाथरस सदर एसडीएम जिला अस्पताल पहुंचे और घायल सोनू का हाल जाना तथा पूरे मामले की जानकारी ली। अब सोनू की मौत के बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़े: महासमुंद जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश में सात जुआरी गिरफ्तार, 2200 रुपये बरामद