हाथरस में नगर पालिका के 35 वर्षीय टैक्स कलेक्टर गौ

हाथरस में पत्नी से विवाद के बाद टैक्स कलेक्टर की बिगड़ी हालत, संदिग्ध मौत

Hathras Tax Collector Dies Suspiciously, Family Suspects Murder

हाथरस (उत्तर प्रदेश)। सदर कोतवाली क्षेत्र के मुरसान गेट स्थित विजय नगर चौराहे पर नगर पालिका में कार्यरत 35 वर्षीय टैक्स कलेक्टर गौरव दीक्षित उर्फ पंकज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी से विवाद के बाद कमरे में गए थे गौरव, कुछ देर बाद बिगड़ी हालत

बताया जा रहा है कि गौरव दीक्षित पुत्र सत्यप्रकाश दीक्षित मुरसान गेट क्षेत्र के निवासी थे और नगर पालिका में टैक्स कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे। मृतक की बहन के अनुसार गौरव का अपनी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को गौरव रोजाना की तरह ऑफिस से अपने घर लौटे थे। इसके बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों कमरे के अंदर चले गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

कुछ देर बाद परिजनों को गौरव की हालत गंभीर होने की जानकारी मिली। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गौरव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

घटना की जानकारी मिलने पर ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय और सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गए और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने गौरव की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज, सभी पहलुओं पर जांच जारी

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गौरव की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, गौरव की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

यह भी पढ़े:   महासमुंद में आबकारी टीम पर हमला करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग पर भी कार्रवाई