सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमि

हाथरस में भीषण सड़क हादसा: गेहूं से लदे ट्रक ने धान से भरे ट्रैक्टर को मारी टक्कर, पिता-पुत्र गंभीर

Hathras Truck-Tractor Collision, Father-Son Seriously Injured

हाथरस {उत्तर प्रदेश}: सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे दिल्ली-कानपुर हाईवे पर हुसैनपुर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। गेहूं से लदे 10 पहिया ट्रक ने धान से भरे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर के बाद सड़क पर पलटे वाहन

ट्रैक्टर धान लेकर अलीगढ़ मंडी जा रहा था। हुसैनपुर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और हाईवे पर धान व गेहूं बिखर गया। ट्रैक्टर चालक ने आरोप लगाया कि वह धीमी गति से वाहन चला रहा था, लेकिन ट्रक चालक की लापरवाही के कारण पीछे से टक्कर हुई।

पिता को हायर सेंटर रेफर किया गया

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के साथ ट्रक चालक व परिचालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ट्रैक्टर चालक के पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं और उनकी हालत सामान्य बताई गई।

तीन घंटे बाद यातायात हुआ सुचारू

हादसे के बाद ट्रक के बीच सड़क पर पलटने से हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने हाइड्रा और जेसीबी की मदद से सड़क से बिखरा धान और गेहूं हटवाया। करीब तीन घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान एटा की ओर से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दूसरी लेन से निकाला गया।

ये भी पढ़ें: मिर्जापुर में ट्रक से भिड़ी XUV, चालक की मौत; साथी गंभीर