हाथरस में वर्दीधारी सिपाही की रायफल से फायरिंग का वीडियो वायरल, जांच पर टिकी नजर
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। के हसायन थाना क्षेत्र से पुलिसकर्मी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एक सिपाही पुलिस की वर्दी में रायफल से फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और वर्दी की मर्यादा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
वीडियो में फायरिंग किए जाने का दावा
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें दिखाई दे रहा युवक हसायन थाने में तैनात एक सिपाही है। वीडियो में सिपाही वर्दी पहने हुए नजर आ रहा है और उसके हाथ में रायफल दिखाई दे रही है। इसी दौरान उसके द्वारा फायरिंग किए जाने का दावा किया जा रहा है।
इंस्टाग्राम अकाउंट से सरकारी पिस्टल से जुड़ी तस्वीरें अपलोड
इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर सिपाही के इंस्टाग्राम अकाउंट से सरकारी पिस्टल से जुड़ी तस्वीरें अपलोड किए जाने का भी दावा सामने आया है। इन तस्वीरों और वायरल वीडियो को लेकर अब कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिसकर्मी द्वारा वर्दी में इस तरह हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग की गई? अगर वीडियो और तस्वीरें सही हैं तो हथियार सरकारी है या निजी, और फायरिंग किस परिस्थिति में की गई?
वायरल वीडियो की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की वैधता और फायरिंग की वास्तविक परिस्थितियों की भी पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों की नजर पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई पर है। सवाल यह भी है कि क्या पुलिस विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर वायरल वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कराएगा?
मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा सिपाही कौन है, फायरिंग कब और किन परिस्थितियों में हुई और इस मामले में कोई नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।
यह भी पढ़ेंः बारिश से हलधरमऊ का रास्ता बदहाल, कीचड़ और जलभराव से स्कूली बच्चे परेशान